‘विजन एकेडमिक सिटी’ का उद्घाटन मेवात के लिए वरदान/ विधायक मम्मन खान
24 एकड़ में फैला यह कैंपस मरौड़ा गाँव में स्थापित किया गया है
नई दिल्ली :ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन ने हरियाणा के सबसे पिछड़े जिले मेवात में ‘विजन एकेडमिक सिटी’ परियोजना का उद्घाटन किया है। 24 एकड़ पर फैला यह कैंपस मरौड़ा गाँव में स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण और किफ़ायती शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामुदायिक सेवाएँ उपलब्ध कराकर सामाजिक व आर्थिक परिदृश्य को बदलना है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि स्थानीय विधायक मम्मन खान ने कहा कि यह कैंपस हमारे क्षेत्र के लिए वरदान है। हम इसकी शैक्षिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
मुख्य अतिथि और ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन के पैट्रन, गल्फ़ार ग्रुप के संस्थापक पी. मोहम्मद अली गल्फ़ार ने अपने संबोधन में कहा कि “विजन 2026” का सपना 2005 में देखा गया था और आज वह सपना हकीकत बन रहा है। हम इस क्षेत्र की शैक्षिक और सामाजिक बेहतरी के लिए लगातार काम करते रहेंगे।
“विजन 2026” के चेयरमैन टी. आरिफ अली ने कहा कि हम सब मिलकर मेवात की बेहतरी के लिए काम करेंगे। मेवात के लोगों की कुर्बानियाँ इस देश की मिट्टी में रची-बसी हैं। अब समय आ गया है कि हमारे बुज़ुर्गों के सपने को हक़ीक़त में बदला जाए। उल्लेखनीय है कि मेवात देश के सबसे पिछड़े जिलों में शामिल है। यहाँ शिक्षा की कमी, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और स्वच्छता की बदतर स्थिति जैसे गंभीर मुद्दे मौजूद हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए “विजन एकेडमिक सिटी” को “विजन 2026 प्रोग्राम” के तहत विकसित किया जा रहा है।
फिलहाल कैंपस में कई संस्थान सक्रिय हैं।उद्घाटन समारोह के दौरान अलजामिया इस्लामिया मेवात ऑफ-कैंपस, अंडरग्रेजुएट कॉलेज भवन, छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल, और चिराग मिडिल स्कूल का उद्घाटन किया गया। इसी अवसर पर स्कॉलर स्कूल और स्किल डेवलपमेंट सेंटर की नींव भी रखी गई।
इसके साथ-साथ सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को भी समारोह का हिस्सा बनाया गया, जिनमें ‘तरंग’ कल्चरल फेस्ट, मेवात की रसोई और मेवात हेरिटेज वॉल शामिल रहे, ताकि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और पहचान को उजागर किया जा सके।
इस उद्घाटन कार्यक्रम में कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे, जिनमें इंजीनियर मम्मन खान (विधायक, फिरोज़पुर झिरका), पी. मोहम्मद अली (संस्थापक, गल्फ़ार ग्रुप ऑफ कंपनीज़) और मक़बूल अहमद अनारवाला (सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी) शामिल थे।
वक्ताओं ने मेवात में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल विकास की सख़्त आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि “विजन एकेडमिक सिटी” न केवल आधुनिक बुनियादी ढाँचा प्रदान करेगा, बल्कि उच्च शिक्षा, शोध के नए रास्ते भी खोलेगा।
उद्घाटन समारोह में शिक्षा जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन के महासचिव एम. साजिद, अलजामिया मेवात कैंपस के अकादमिक निदेशक शिबली अरसलान, सहित कई स्थानीय गणमान्य लोग भी मौजूद थे।

0 comments