राजस्थान के फतेहपुर में -3.4°C पारा, गाड़ियों पर बर्फ जमी:उत्तराखंड में -22°C तापमान, 5 जिलों में नदी-झरने जमे; दिल्ली में दो दिन भीषण शीतलहर
पहाड़ों से आ रही सर्द हवाएं मैदानी राज्यों में लोगों को कंपा रही है। राजस्थान और दिल्ली में शनिवार को इस सीजन सबसे ज्यादा सर्दी रिकॉर्ड हुई। राजस्थान के सीकर स्थित फतेहपुर में माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। इसके कारण कई हिस्सों में गाड़ियों पर बर्फ जम गई।
दूसरी तरफ, उत्तराखंड के पिथौरागढ़ स्थित आदि कैलाश और रुद्रप्रयाग के केदारनाथ धाम में शनिवार को तापमान माइनस 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में नदी और झरने जम चुके हैं।
कश्मीर के शोपियां में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 8.2 डिग्री दर्ज किया गया। श्रीनगर में -5.7 डिग्री पारा रहा। यहां डल लेक सहित कई झीलों में पानी जम गया है। पहलगाम में न्यूनतम तापमान -7.8 डिग्री और गुलमर्ग में -6.8 डिग्री रहा।
दिल्ली के सफदरजंग में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह इस सर्दी सीजन में अब तक का सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में रविवार और सोमवार को शीतलहर चलने की संभावना है।
दिल्ली से सटे पंजाब और हरियाणा के 3 शहरों में तापमान शून्य डिग्री के करीब पहुंच गया। पंजाब के होशियारपुर में न्यूनतम तापमान 1.1°C और अमृतसर में 1.3°C रिकॉर्ड हुआ। हरियाणा के महेंद्रगढ़ में 1.6°C पारा दर्ज हुआ।
देशभर में मौसम की 4 तस्वीरें…





courtesy:www.bhaskar.com

0 comments