नगर पंचायत गैसड़ी में जल निकासी सफाई नहीं हुई तो बारिश में बिगड़ेंगे हालात
गैसड़ी, बलरामपुर (अय्यूब निसार /एशिया टाइम्स न्यूज ) : नगर पंचायत गैसड़ी की सफाई व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह से चरमराई हुई है। अधिकांश वार्डों में नालियों और कुलों की सफाई नहीं कराई गई है, जिससे आने वाले बरसात के मौसम में भारी जलभराव की आशंका बन गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि वार्ड संख्या 14 के ज़रवा रोड पर बिर्जेश गुप्ता के घर के बगल वाला कुला पूरी तरह से पटा हुआ है, जिससे गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। इसी तरह, वार्ड संख्या 8 में अनूप सिंह के पीछे तालाब के पास जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण हर साल बारिश में पूरा मोहल्ला पानी में डूबा रहता है। डिहवा क्षेत्र में भी कई कुलों की सफाई नहीं हुई है।
मझौली, सुंगाव और लठावर जैसे इलाकों में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पिछले वर्ष महज़ खानापूर्ति के लिए सफाई कार्य कराया गया था, जो कुछ ही दिनों में बेअसर साबित हुआ।
नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी सफाई नहीं कराई गई, तो इस वर्ष स्थिति और भी भयावह हो सकती है।
स्थानीय निवासियों में नगर पंचायत की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सभी वार्डों में व्यापक सफाई अभियान चलाया जाए और बंद पड़ी नालियों व कुलों की तत्काल सफाई कराई जाए, ताकि बरसात में नगरवासियों को जलभराव और बीमारियों से बचाया जा सके।

0 comments