IMPAR ने मनाया महिला दिवस : महिलाओं का उचित सम्मान उन्हें समान अवसर प्रदान करना है

 

नई दिल्ली : इम्पार  की ओर से आज यहां दिल्ली के जामिया नगर ओखला में मुस्लिम महिलाओं को एकजुट करने और उनके अंदर आत्मविश्वास पैदा करने के लिए महिला दिवस के अवसर पर एक संगोष्ठी आयोजित की गयी, जिस में सुमैरा खान, प्रो.किरण वालिया, पत्रकार शीबा असलम फहमी, पत्रकार नाज़ असगर और नगमा अब्बासी समेत कई जानी मानी महिला हस्तियों ने शिरकत की और अपने विचार प्रकट किये. इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मुस्लिम महिलाओं को तलाक, दहेज, घरेलू हिंसा और उत्पीड़न जैसी समस्याओं से जूझना पड़  रहा है, जो शर्मान है. उन्हें उस से निपटने और उसका सामना करने के लिए खुद को तैयार करने की महिलाओं से अपील की, साथ ही कहा कि समाज को उन का सहयोग करना चाहिए.

उन्होंने कहा कि ये बड़े दुख की बात है कि आज महिलाएँ खुदकुशी की ओर बढ़ रही हैं. पत्रकार शीबा असलम फ़हमी ने कहा कि आज़ाद भारत में पहली बार एक महिला वह भी मुस्लिम महिला को फाँसी होने जा रही है और उसका गुनाह ये है कि उसको अपनी पसंद की शादी से रोका गया, जिसके बाद उसने जो क़दम उठाया वो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है.

उन्होंने कहा कि इस तरह के मामले में हमें अपनी बच्चियों को समझना चाहिए और उनके साथ खुलकर के बात करनी चाहिए, ताकि वो कोई ऐसा क़दम न उठाएँ जिससे सोसाइटी को नुक़सान पहुँचे. शीबा ने कहा कि आज अगर बच्ची अपने पति के घर से चली आये तो उसके माता पिता उसको घर में रहने की अनुमति नहीं देते जो दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि बच्चियों की बात हमें सुननी चाहिए और उसका सही समाधान निकालना चाहिए. उन्हों ने कहा कि आज दुनिया में कई ऐसे देश हैं जहाँ महिलाओं को बराबर का सम्मान मिल रहा है.

Women's Day Celebration by IMPAR in Jamia Nagar New Delhi

जब महिलाओं को ओलंपिक में अवसर मिला तो उन्होंने बरसों की दूरी को सेकंडों के अंतर पर ला खड़ा किया. पत्रकार और एंकर सुमैरा ख़ान ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाओं को सम्मान के साथ साथ समानता की ज़रूरत है. इस अवसर पर पत्रकार नाज़ असगर ने भी अपने विचार प्रकट किये. उन्हों ने  कहा कि समय आ गया है कि महिलाएँ पत्रकारिता के क्षेत्र में भी आगे आएँ. उन्होंने कहा कि मुस्लिम महिलाओं का पत्रकारिता के क्षेत्र में रुझान कम है. पत्रकारिता के क्षेत्र में भी महिलाओं को आगे आ कर कमान संभालना चाहिए.

इस अवसर पर दिल्ली सरकार में पूर्व मंत्री और कांग्रेस पार्टी की नेता प्रोफ़ेसर किरण वालिया ने भी अपने विचार प्रकट किए. उन्होंने महिला दिवस की बधाई देती हुये महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे आकर पुरुष प्रधान समाज में अपनी योग्यता मनवाने पर बल दिया. उन्होंने कहा कि जब भी महिलाओं को अवसर मिला तो महिलाओं ने अच्छा करके दिखाया है. उन्होंने इम्पार का धन्यवाद प्रकट करते हुए कहा कि इम्पार जैसे संस्था बधाई के पात्र हैं जो महिलाओं के हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं और महिलाओं में नेतृत्व पैदा करने के लिए प्रयास कर रहे हैं. इस अवसर पर फैज़ान ताहिर इम्पार डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर, शान मोहम्मद फील्ड हेड इम्पार, इम्पार स्टेट कोऑर्डिनेटर ज़र्रीन खान समेत इम्पार के किये और लोग शरीक हुए, साथ ही बड़ी तादाद में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया.

0 comments

Leave a Reply