MP-राजस्थान समेत 25 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट:सिक्किम में भारी बारिश से लैंडस्लाइड, 1000 टूरिस्ट फंसे; बंगाल में कल आंधी-तूफान की चेतावनी

देश भर में अभी दो तरह के मौसम देखने को मिल रहे हैं। अधिकतर राज्यों में जहां भीषण गर्मी है, तो पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश हो रही है। सिक्किम में लगातार हो रही बारिश के कारण लैंडस्लाइड हुआ। इसके कारण करीब 1,000 पर्यटक फंस गए हैं।

 

राजधानी गंगटोक से करीब 100 किलोमीटर दूर लाचेनचुंगथांग रोड पर मुंशीथांग और लेमा/बॉब में पर्यटकों की करीब 200 गाड़ियां फंसी हुई हैं। उनमें सवार पर्यटक एक गुरुद्वारे में ठहरे हुए हैं। लाचुंग और लाचेन तक पहुंचने वाले रास्ते बुरी तरह प्रभावित हुए हैं, जिससे पर्यटकों का निकला मुश्किल हो गया है।

लाचुंग और लाचेन हिल स्टेशन हैं, जो गुरुडोंगमार झील और युमथांग घाटी के कारण अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाने जाते हैं। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण स्थिति और खराब हो गई है। सिक्किम में अगली सूचना तक पर्यटकों के आने पर रोक लगा दी गई है। उनके ट्रैवल परमिट भी रद्द कर दिए गए हैं।

दूसरी तरफ, अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट कामेंग जिले के दिरांग इलाके में कई एकड़ जंगल आग ती चपेट में है। गुरुवार रात जंगल में आग के वीडियो सामने आए, जिसमें पूरा पहाड़ धधकता दिखा। पुलिस, फायर सर्विस, स्थानीय प्रशासन और लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

भारतीय मौसम विभाग IMD ने कहा है कि पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में चल रही लू शनिवार से कम होने की संभावना है, जिसके बाद तीव्र आंधी-तूफान आने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।

25 राज्यों में हीटवेव, दिल्ली में 42 डिग्री जाएगा तापमान IMD ने शुक्रवार को देश के 25 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट है। भीषण गर्मी के चलते झारखंड सरकार ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। KG से आठवीं तक की क्लासेज सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक चलेंगी। वहीं, सीनियर स्टूडेंट की क्लासेज 12 बजे तक रहेंगी।

मौसम विभाग ने दिल्ली में आज दिन का तापमान 42 डिग्री तक जाने का अनुमान जताया है। गुजरात, गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में गर्मी से थोड़ी राहत की उम्मीद है। गुरुवार को महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी का तापमान देश में सबसे ज्यादा 45.9 डिग्री दर्ज किया गया था।

सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय समेत सभी पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में भी हल्की बारिश का अनुमान है।

 

0 comments

Leave a Reply