जामा मस्जिद हिंसा मामले में रिहा जफर अली के रोड शो पर एफआईआर, 4 नामजद व 60 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज
संभल | जामा मस्जिद हिंसा मामले में जेल से जमानत पर रिहा हुए जामा मस्जिद कमेटी के सदर जफर अली के भव्य स्वागत और रोड शो ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। मुरादाबाद जेल से रिहा होकर निकले जफर अली का समर्थकों ने फूल-मालाओं, पटाखों और नारेबाज़ी के साथ स्वागत किया।
जफर अली ने खुली जीप में सवार होकर करीब 42 किलोमीटर लंबा रोड शो किया, जिसमें लगभग 10 गाड़ियों का काफिला उनके साथ था। यह जुलूस मुरादाबाद से संभल तक चला और जगह-जगह भारी भीड़ इकट्ठा हुई।
पुलिस के अनुसार, यह शक्ति प्रदर्शन धारा 144 के उल्लंघन और शांति व्यवस्था के लिए खतरा माना गया। भीड़ और प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने जफर अली समेत चार लोगों को नामजद करते हुए 50 से 60 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति के जुलूस निकालना और भीड़ जुटाना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। इस तरह की घटनाएं प्रदेश में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती हैं।
गौरतलब है कि जफर अली को जामा मस्जिद हिंसा मामले में मुख्य आरोपी माना गया था। उनकी जमानत के बाद हुए इस रोड शो को राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान में जुट गई है।

0 comments