डॉ. हीरा लाल ने महोबा में विभागीय कार्यों का किया निरीक्षण, किसानों को मिला आश्वासन
महोबा, 22 जनवरी 2025 – ग्रेटर शारदा के अध्यक्ष एवं प्रशासक डॉ. हीरा लाल 21 जनवरी 2025 को जनपद महोबा पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विभागीय कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आशियाना बायो एनर्जी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (FPO) के कार्यों का अवलोकन किया। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर महेश कुमार वर्मा ने उन्हें अवगत कराया कि किसानों के उत्थान के लिए संस्था द्वारा 14 से अधिक जैविक उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें किसी भी प्रकार के रासायनिक तत्वों का प्रयोग नहीं किया जाता। उन्होंने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक तकनीक के माध्यम से उत्पादों का उत्पादन कर उन्हें जनता तक पहुंचाना है। डॉ. हीरा लाल ने इस पहल की सराहना की और इसे एग्रीटूरिज्म के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात डॉ. हीरा लाल ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PMKSY) 2.0 के अंतर्गत चरखारी और कुलपहाड़ में संचालित डब्ल्यूडीसी-1 और डब्ल्यूडीसी-2 परियोजना क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने उप निदेशक (कृषि), परियोजना प्रबंधकों, भूमि संरक्षण अधिकारियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की, जिसमें 200 से अधिक किसान और विभिन्न गांवों के प्रधान शामिल हुए। बैठक में किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए डॉ. हीरा लाल ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी और कार्यों को निर्धारित गाइडलाइन्स के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए।
समेकित जल प्रबंधन कार्यक्रम में प्रगतिडब्ल्यूडीसी-1 और डब्ल्यूडीसी-2 योजनाओं के तहत कृषि योग्य क्षेत्रफल में वृद्धि, भूमि कटाव की रोकथाम, जल संरक्षण एवं पुनर्भरण, महिला उद्यमिता विकास, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और स्थानीय सुविधाओं के विकास जैसे कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर कार्य किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को भारत सरकार की नई वाटरशेड विकास परियोजना (WDC-PMKSY 2.0) की गाइडलाइन्स का पालन करने का सख्त निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. हीरा लाल ने एक ग्रामीण स्टेडियम का दौरा किया, जहां स्थानीय युवाओं को क्रिकेट खेलते देखा। उन्होंने ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से बनाए गए क्लब मॉडल की सराहना की और इसे अनुकरणीय बताया। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास गांवों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
अर्जुन सहायक परियोजना का निरीक्षणमहोबा में अर्जुन सहायक परियोजना के स्थलीय निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि महोबा-1 इकाई के कुलावा संख्या-11 में जल संचय हो रहा है, लेकिन कबरई के समीप मुख्य नहर की साफ-सफाई नहीं होने के कारण जल प्रवाह में रुकावटें आ रही हैं। स्थानीय किसानों ने पानी के रिसाव की शिकायत की, जिस पर डॉ. हीरा लाल ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक मरम्मत कार्य करने के निर्देश दिए।
डॉ. हीरा लाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्रीय समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए, ताकि परियोजनाओं की प्रगति सुनिश्चित हो सके और किसान लाभान्वित हो सकें।
(रिपोर्ट: एशिया टाइम्स न्यूज़ ब्यूरो)

0 comments