CPI (M) ने हरियाणा के मुख्यमंत्री से आसिफ़ ख़ान के हत्यारों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की

चिट्ठी में ब्रिंदा करात ने कुछ दिनों पहले नूह में आयोजित महापंचायत पर सवाल उठाए

नई दिल्ली : हरियाणा पुलिस ने कुछ दिनों पहले आसिफ़ ख़ान के हत्यारों को रिहा कर दिया था। इस मामले को संज्ञान में लेते हुए सीपीआईएम नेता और पूर्व सांसद ब्रिंदा करात ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को चिट्ठी लिखी है।

चिट्ठी में ब्रिंदा करात ने कुछ दिनों पहले नूह में आयोजित महापंचायत पर सवाल उठाए हैं। करात का कहना है कि जब पुलिस ने उस इलाके में धारा 144 लगा दी थी तो महापंचायत कैसे आयोजित की गई?

ब्रिंदा करात ने खट्टर सरकार से अनुरोध किया है कि वह इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करे। कुछ दिनों पहले करात ने आसिफ़ के गांव खेड़ा ख़लीलपुर जाकर उसके परिवार से मुलाक़ात की थी। करात ने उन्हें आश्वासन दिया था कि उनकी बेहतर से बेहतर मदद की जाएगी।

आसिफ़ की बर्बर हत्या और हरियाणा पुलिस के बर्ताव पर हैरत जताते हुए करात ने मुख्यमंत्री से सभी हत्यारों, हिन्दू महापंचायत का आयोजन करने वालों और नफ़रतअंगेज़ बातें बोलने वाले लोगों को गिरफ़्तार करने की मांग की है।

करात ने इस चिट्ठी में हाफ़िज़ जुनैद की लिंचिंग का मुद्दा भी उठाया। कुछ दिन पहले हरियाणा की क कोर्ट ने इस मामले के मुख्य आरोपी नरेश को ज़मानत दे दी थी। उन्होंने जुनैद मामले के आरोपी की ज़मानत रद्द करने के लिए राज्य सरकार से अदालत जाने को कहा है।

आसिफ़ के बारे में बात करते हुए ब्रिंदा करात ने कहा कि आसिफ महज़ 28 साल के थे। वह अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें सबसे छोटा बच्चा कुछ ही महीने का है। करात ने मुख्यमंत्री से परिवार को मुआवज़ा और वित्तीय सहायता देने का अनुरोध भी किया है।

 

0 comments

Leave a Reply