“कोविड-19 महामारी: अनुभव और सीख” पर के.यू.चि.अ.प. की वेबिनार श्रृंखला 15 दिसंबर से

 

नई दिल्ली: केंद्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान परिषद (के.यू.चि.अ.प.), आयुष मंत्रालय, भारत सरकार "कोविड-19 महामारी-अनुभव और सीख" के विषय पर 15-21 दिसंबर 2021 के दौरान पांच वेबिनार की एक श्रृंखला का आयोजन कर रहा है।

 
आयुष और आधुनिक चिकित्सा के प्रख्यात विशेषज्ञ "कोविड-19 महामारी के दौरान की सीख",“स्वास्थ्य को बनाए रखने में पोषण की भूमिका", “कोविड-19 मामलों का प्रबंधन: अनुभव", "कोविड-19 के दौरान और उसके बाद मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल" और "कोविड के बाद की जटिलताएं और स्वास्थ्य देखभाल” शीर्षक उप-विषयों के लिए समर्पित अलग-अलग पांच वेबिनार को संबोधित करेंगे।


प्रो. आसिम अली ख़ान, महानिदेशक, के.यू.चि.अ.प. और सलाहकार (यूनानी), आयुष मंत्रालय, भारत सरकार ने कहा कि के.यू.चि.अ.प. ने कोविड-19 महामारी के दौरान महामारी के प्रसार को रोकने के लिए विभिन्न गतिविधियों और प्रतिरक्षा बढ़ाने के उपायों से संबंधित सलाह जारी करने जैसे अन्य महत्वपूर्ण कार्यों के माध्यम से बहुत सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने आगे कहा कि कोविड-19 से संबंधित कई नैदानिक अध्ययन भी किए गए और SARS-COV-19 वायरस के खिलाफ In-silico अध्ययनों के माध्यम से चार यूनानी मिश्रणों की प्रभावकारिता का मूल्यांकन भी किया गया।


इस वेबिनर श्रृंखला में शैक्षणिक और शोध संस्थानों के छात्रों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों सहित लगभग 1000 प्रतिनिधियों के भाग लेने कि उम्मीद है। दिल्ली, यूपी, केरल, उत्तराखंड, चेन्नई आदि के प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रमुख विशेषज्ञ कोविड-19 महामारी के दौरान की स्वास्थ्य चुनौतियों पर अपने अनुभव और अंतर्दृष्टि साझा करेंगे।
वेबिनार श्रृंखला कोविड-19 महामारी से संबंधित निवारक और प्रचार संबंधी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एक मंच प्रदान करेगी जिस से ज्ञान विकसित करने और कोविड-19 के प्रबंधन को समझने में मदद मिलेगी।

0 comments

Leave a Reply