जामिया कोचिंग के 16 बच्चों ने निकाली BPSC की परीक्षा
नई दिल्ली | जामिया मिल्लिया इस्लामिया की रेसिडेंशियल कोचिंग अकादमी (RCA) के 16 बच्चों ने बिहार लोक सेवा आयोग की 64वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा में सफ़लता हासिल की है। इनमें से छः लड़कियां हैं।
प्रेस रिलीज़ जारी करते हुए जामिया की वाइस चांसलर ने कहा “यह जामिया के लिए बहुत गर्व की बात है कि महामारी के दौरान भी अकादमी देश के लिए लोक सेवक तैयार कर रही है। यह विभिन्न संस्थानों द्वारा चलाए जा रहे कोचिंग सेंटर्स में सबसे बेहतर है, और हमें उम्मीद है कि भविष्य में हमें और सुधार देखने को मिलेंगे”
यह चुने गए विद्यार्थी भविष्य में चलकर उप-प्रभागीय न्यायाधीश, पुलिस उपाधीक्षक, राजस्व अधिकारी, वाणिज्यिक कर अधिकारी, जिला लेखा परीक्षा अधिकारी, सहायक निदेशक, समाज कल्याण विभाग आदि पद ग्रहण करेंगे।
बीपीएससी परीक्षाओं के परिणाम 6 जून को आए थे। राज्य की प्रशासनिक सेवा के लिए कुल 1454 प्रत्याशियों को चुना गया है।
पिछले वर्ष जामिया की अकादमी से कुल 12 विद्यार्थियों का चयन हुआ था। हाल ही में अकादमी के चार विद्यार्थियों ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में स्थान हासिल किया था जिसमें प्रथम रैंक हासिल करने वाली संचिता शर्मा भी थीं।
सनद रहे कि रेसिडेंशियल कोचिंग अकादमी (RCA) के 43 विद्यार्थियों ने केंद्रिय लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विसिज़ परीक्षा-2020 में सफ़लता हासिल की थी। अब इन विद्यार्थियों को व्यक्तित्व परिक्षण (Personality test) से गुज़रना होगा जो इस साल जुलाई या अगस्त में होने की आशंका है।

0 comments