सफदरजंग अस्पताल के असिस्टेंट डायरेक्टर हुए सेवानिवृत्त
काम ऐसा करें जिससे पब्लिक का ज्यादा से ज्यादा फायदा हो: डॉ. खान
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल के यूनानी विभाग में इंचार्ज के पद पर तैनात असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. सैयद अहमद खान मंगलवार को अपने पद से सेवानिवृत्त हो गए। डॉ. खान की जगह अब रिसर्च ऑफिसर डॉ. जकि अहमद सिद्दीकी को विभाग का इंजार्च बनाया गया है। मंगलवार से उन्होंने अपना पदभार संभाल लिया। उधर, डॉ. सैयद अहमद खान के सेवानिवृत्त समारोह में मौजूद सफदरजंग अस्पताल में कार्यरत प्रोफेसर ऑपथैल्मोलॉजी एंड सीएमओ व ओपीडी इंचार्ज डॉ. पंकज रंजन के साथ मेडिसिन डिपार्टमेंट के प्रोफेसर विनोद चैतान्या ने कहा कि डॉ. सैयद अहमद खान के बारे में जितना कहा जाए वह कम है। डॉ. खान का व्यक्तित्व संतों वाला है।
यही कारण है कि मरीज इनको दूर-दूर से ढूंढते हुए चले आते हैं। वहीं, यूएमसी में रिसर्च ऑफिसर डॉ. तमन्ना नाजली ने बताया कि अपनी 30 साल की सर्विस के दौरान डॉ. सैयद अहमद खान ने न सिर्फ एक चिकित्सक के रूप में बल्कि एक समाज सेवक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। वहीं, सीसीआरएस सिद्धा में रिसर्च ऑफिसर डॉ. बी अकीला ने डॉ. खान के साथ बिताए पलों को याद करते हुए कहा कि हम सबने एक फैमिली की तरह मिलकर काम किया। डॉ. सैयद अहमद खान ने एक पिता की तरह हमेशा हम सभी को गाइड किया।
उधर, अपने सेवानिवृत्त समारोह में सभी का शुक्रिया अदा करते हुए डॉ. खान ने कहा कि हम सभी को काम ऐसा करना चाहिए कि पब्लिक का ज्यादा से ज्यादा फायदा हो सके। हम डॉक्टरों से मरीजों को पूरा फायदा मिल सके बस यही हमारी पहली कोशिश होनी चाहिए। वहीं, दूसरी ओर डॉ. खान के सेवानिवृत्त होने के मद्देनजर एक और कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सीसीआरयूएम के डीजी प्रोफेसर आसिम अली खान, एडी एडमिनिस्ट्रेटर के के सपरा व एडवाइजर यूनानी डॉ. एम ए कासिम मौजूद रहे। इसके अलावा आरआईयूएम नई दिल्ली की ओर से भी एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

0 comments