एशिया टाइम्स डेली राउंडअप 14 मई ; आज की 7 बड़ी खबरें

एशिया टाइम्स : देश में कोरोना वायरस से अब तक 2,549 लोगों की मौत, संक्रमितों की संख्या 78,000 के पार

देश में कोरोना वायरस संक्रमण से पिछले 24 घंटे में 134 लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 2,549 तक पहुंच गई है। संक्रमण के 3,722 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद संक्रमितों की कुल  संख्या 78,003 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में 49,219 लोगों का उपचार चल रहा है जबकि अब तक 26,234 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं ।    ‘‘ अब तक 33.63 फीसदी मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।’’

एशिया टाइम्स : कोरोना से जुडी दूसरी बड़ी खबर  है कि डब्ल्यूएचओ  का कहना  है यह अनुमान लगाना असंभव है कि कोविड-19 महामारी पर कब तक काबू पाया जा सकेगा

विश्व स्वास्थ्य संगठन   के  इमरजेंसी प्रमुख  डॉ. माइकल रयान ने कहा है कि यह अनुमान लगाना असंभव है कि वैश्विक महामारी पर कब तक नियंत्रण पाया जा सकेगा। बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में  उन्हों ने कहा, ‘‘संभवत: यह वायरस कभी न जाए।’’ उन्होंने कहा कि कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या अभी तक कम है। उन्होंने कहा कि टीके के अभाव में लोगों के भीतर इस वायरस के खिलाफ  इम्युनिटी  मजबूत होने में वर्षों लग सकते हैं।

एशिया टाइम्स : यूनिसेफ ने कहा- लॉकडाउन से आने वाले छह महीनों में भारत में हो सकती है 3 लाख बच्चों की मौत

यूनिसेफ ने कहा है कि दक्षिण एशिया में अगले छह महीनों में 4 लाख से अधिक बच्चे प्रभावित हो सकते हैं। इनमें से 3 लाख बच्चे अकेले भारत में मर सकते हैं। यूनिसेफ का कहना है कि दक्षिण एशिया में अगले छह महीनों में हर एक दिन अतिरिक्त 2,400 बच्चों की मृत्यु हो सकती है.


एशिया टाइम्स : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने कहा पीएम केयर्स’ से 1000 करोड़ रु आवंटित, लेकिन प्रवासी श्रमिकों को हाथ में कुछ नहीं मिलेगा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने ट्वीट किया है  कि ‘‘ पीएम केयर्स से प्रवासी श्रमिकों के लिए 1000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए। कृपया, समझने में गलती मत करिए। यह पैसा प्रवासी श्रमिकों को नहीं दिया जाएगा, बल्कि राज्य सरकारों को प्रवासी कामगारों की यात्रा, रहने, दवा और खाने के खर्च के लिए दिया जायेगा। प्रवासी मजदूरों के हाथों में कुछ नहीं मिलेगा।’’

एशिया टाइम्स : पत्रकारों को डराने के लिए कानून के दुरुपयोग पर एडिटर्स गिल्ड ने जताई चिंता 

एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने देश के विभिन्न हिस्सों में पत्रकारों को डराने के लिए आपराधिक कानूनों के दुरुपयोग के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त की है। गिल्ड का कहना है कि ‘फेस ऑफ नेशन ’नामक एक गुजराती समाचार पोर्टल के संपादक और मालिक धवल पटेल को न केवल हिरासत में लिया गया बल्कि उनके खिलाफ राजद्रोह और आपदा कानून के तहत मुकदमा भी दर्ज किया गया है ।


एशिया टाइम्स : मात्र 500 रूपये की ‘दिहाड़ी’ पर कोरोना से जंग लड़ रहे एमबीबीएस इंटर्न ; दो महीना हो गया अब तक पैसा नहीं मिला।

बिहार में कोरोना जैसी महामारी में फ्रंटलाइन पर काम कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों को समय पर पैसा नहीं दिया जा रहा है। कोरोना के खिलाफ लड़ाई में साथ दे रहे एमबीबीएस इंटर्न को रोज के हिसाब से केवल पांच सौ रुपये दिया जा रहा है। दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के इंटर्न्स ने मीडिया को  बताया डॉक्टर कहलाने के बावजूद हम मेडिकल इंटर्न को सिर्फ 500 रुपए रोज के हिसाब से मिलता है। मतलब 15 हजार रुपए महीना, ज्वाइन किए दो महीना हो गया अब तक पैसा नहीं मिला।

एशिया टाइम्स : कोरोना संकट के बीच भी चल रहा है राजनीति का बाज़ार , ममता और मोदी सरकार की लड़ाई के बीच पीस रही है बंगाल की जनता

कोरोना संकट के इस दौर में केंद्र सरकार और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी के बहस के बीच जनता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ममता बैनर्जी केंद्र सरकार पर कोरोना वायरस के दौरान भी राजनीति करने का आरोप लगा रहीं हैं। वहीं केंद्र सरकार ममता की राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठा रही है। आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है लेकिन इस बीच जनता की सुध लेना वाला कोई नहीं है।

 

 

 

0 comments

Leave a Reply