बहराइच में पत्रकार पर कथित फ़र्ज़ी मामला दर्ज, पत्रकार संगठन ने की कोतवाल के निलंबन की मांग
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कोतवाल की शह पर एक ज़मीनी विवाद में बिना सबूतों के एनडीटीवी के पत्रकार सलीम सिद्दीक़ी को नामज़द कर दिया गया था
बहराइच में एक पत्रकार को कथित तौर पर फर्जी मुक़दमें में फंसाने वाले कोतवाल के ख़िलाफ़ पत्रकारों ने प्रदर्शन कर कोतवाल के निलंबन की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कोतवाल की शह पर एक ज़मीनी विवाद में बिना सबूतों के एनडीटीवी के पत्रकार सलीम सिद्दीक़ी को नामज़द कर दिया गया था। जिस भूमि को वक्फ की भूमि बताया जा रहा है उससे दूर-दूर तक पत्रकार का कोई लेना देना नहीं है।
एशिया टाइम्स को मिली सूचना के अनुसार पत्रकार से कोतवाल की किसी खबर को लेकर पहले नोक झोंक हुई थी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इसी बात से नाराज कोतवाल ने रातों रात फर्जी मुकदमा लिख पत्रकार को भू माफिया बना दिया।
मामले से नाराज़ पत्रकारों ने आज शहर में मार्च निकाला। पत्रकारों ने 24 घंटे का अल्टीमेटम जिलाधिकारी को देकर पत्रकार का नाम मुकदमे से हटाने व कोतवाल के खिलाफ कार्रवाई के लिए एक मांग पत्र दिया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि उसके बाद मांगें न मानी गईं तो जिले भर के पत्रकार अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।

0 comments