देश में 12 साल बाद सामान्य से 4% ज्यादा बारिश:यूपी के 45 जिलों में बाढ़, मणिकर्णिका घाट पर शवों की लाइन; छत पर जलाईं चिताएं
यूपी में बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। राज्य के 45 जिलों में बाढ़ आ गई है। लखनऊ, अयोध्या और अंबेडकरनगर में 12वीं तक के सभी स्कूल बंद हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान, राज्य में बारिश से 12 लोगों की मौत हो गई है।
काशी का महा श्मशान मणिकर्णिका घाट गंगा में डूब गया है। यहां अंतिम संस्कार के लिए लाशों की लाइन लग रही है। 5 से 6 घंटे इंतजार करना पड़ रहा है। घाट से करीब 15 फीट ऊपर छत पर एक साथ 8-10 लाशें जलाई जा रही हैं।
उत्तराखंड में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। भूस्खलन से रुद्रप्रयाग में दो दुकानें मलबे में दब गईं। देहरादून में स्कूल बंद कर दिए गए। कई नदियां उफान पर हैं। सरकार ने अलर्ट जारी कर प्रशासन को सतर्क रहने को कहा है।
मध्य प्रदेश में कई इलाकों में भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। राज्य में 16 जून को मानसून की एंट्री के बाद से जुलाई तक, बाढ़ के दौरान हुए हादसों में अब तक 275 लोगों की जान जा चुकी है। सरकार ने विधानसभा में यह आंकड़े बताए हैं।
बिहार में पिछले 24 घंटे में बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। राज्य में सोमवार को पटना समेत सभी 38 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है।
निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, इस साल देश में 12 साल बाद लगातार दो महीने सामान्य से 4.1% ज्यादा बारिश हुई। जून में 9% तो जुलाई में 5% ज्यादा बारिश हुई। 2013 के बाद यह पहला मौका है, जब जून और जुलाई में लगातार सामान्य से ज्यादा बारिश हुई।
यूपी में बारिश-बाढ़ की 3 तस्वीरें...



सोमवार को कहीं भी बारिश का रेड अलर्ट नहीं
देशभर में बारिश में कमी आई है। मौसम विभाग ने सोमवार को कहीं भी बारिश का रेड अलर्ट जारी नहीं किया है। उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 11 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, दिल्ली, मध्य प्रदेश समेत 14 राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
किस राज्य में कितनी बारिश हुई, मैप से समझें...

मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए...
अपडेट्स

बाढ़ और बारिश के कारण काशी का महा श्मशान मणिकर्णिका घाट गंगा में डूब गया है। और लकडियां गीली हैं। इनको जलने में 5 घंटे लग रहे हैं। लोग कफन से लिपटी लाशों के बीच बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। आलम यह है कि एक साथ 8-10 लाशें जलाई जा रही हैं।

अमरोहा के रजबपुर थाना क्षेत्र के कूबी गांव में सोमवार सुबह 4 बजे एक तीन मंजिला पक्का मकान ढह गया। घटना में 47 साल के किसान की मौत हो गई। हादसे के वक्त परिवार के अन्य सदस्य दूसरे मकान में सो रहे थे।

कानपुर के घाटमपुर में बारिश के कारण खंडहर की दीवार गिरने से 7 वर्षीय बच्चे की दबकर मौत हो गई। घटना सोमवार दोपहर की है। बच्चे की पहचान शिवा के रूप में हुई है, जो कक्षा तीन का छात्र था। कटरा मोहल्ला निवासी सर्वेश ई-रिक्शा चालक हैं। उनका बेटा शिवा दुकान से सामान लेने गया था। इसी दौरान लगातार हो रही बारिश के कारण पड़ोस में स्थित श्याम बाबू के खंडहर मकान की दीवार अचानक ढह गई। दीवार के नीचे शिवा दब गया। पढ़ें पूरी खबर....
उत्तराखंड के देहरादून जिले के ऋषिकेश में नीलकंठ रूट पर खोए हुए 22 लोगों को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) ने वन टीम की मदद से ढूंढ निकाला । SDRF के अनुसार, लक्ष्मण झूला इलाके में नीलकंठ रूट पर 22 लोगों के एक ग्रुप के खो जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद ढालवाला से SDRF का एक बचाव दल तुरंत मौके पर भेजा गया। वन टीम की मदद से 22 लोगों को सुरक्षित भीमगोड़ा बैराज लाया गया और जिला पुलिस को सौंप दिया गया।
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भारी बारिश के बाद सरयू नदी उफान पर है। जिले के रिहायशी इलाकों में लोगों के घरों में पानी घुस गया है। सोमवार को भी बारिश जारी है। विजुअल जलवानपुरा इलाके का है। बाढ़ में एक कार सड़क पर फंस गई। सड़कों पर घुटनों तक पानी के बीच लोग घरों से बाहर निकले।

यूपी में लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं। प्रयागराज, वाराणसी समेत 17 जिलों के 402 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। 24 घंटे में बारिश से 12 लोगों की मौत हो गई, 343 मकान ढह गए। लखनऊ में लगातार तीसरे दिन बारिश हो रही है। सोमवार को 12वीं तक के सभी स्कूलों में छुट्टी के आदेश दिए गए हैं। अंबेडकरनगर और अयोध्या में भी 12वीं तक के सभी स्कूल बंद हैं। पूरी खबर पढ़ें...

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार रात से तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने सोमवार शाम तक हमीरपुर, कांगड़ा, बिलासपुर, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन और ऊना में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मनाली में सभी स्कूल बंद हैं। शिमला के ठियोग-सैंज-चौपाल और छैला-माइपुल-राजगढ़-सोलन सड़क पर बीती रात 8 बजे सेब लदा ट्रोला फंस गया। दर्जनों गाड़ियां 12 घंटे से सड़क खुलने के इंतजार में हैं। पूरी खबर पढ़ें...

छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने सोमवार को 16 जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। बलरामपुर में भारी बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। पिछले 48 घंटे के दौरान, बलरामपुर में सबसे ज्यादा बारिश हुई। प्रदेश के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। यही स्थिति अगले चार से पांच दिन और बनी रहेगी। पूरी खबर पढ़ें...

हरियाणा के आज 8 जिलों, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में सोमवार को बारिश का यलो अलर्ट है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। IMD के अनुसार, इस मानसून सीजन हरियाणा में अब तक सामान्य से 24% ज्यादा बारिश हुई है। 3 अगस्त तक औसतन 221.0mm बारिश होनी थी, जबकि 274.0mm बारिश हुई है। पूरी खबर पढ़ें...

पंजाब में सोमवार को मौसम विभाग ने किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि, मंगलवार को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। बीते दिनों मानसून कमजोर रहा, जिससे तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नंगल के भाखड़ा डैम स्टेशन पर सबसे ज्यादा 35.5°C तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि अमृतसर में 34.5°C और पटियाला में 34.8°C तापमान दर्ज हुआ। पूरी खबर पढ़ें...

झारखंड के कई जिलों में सोमवार से 7 अगस्त तक बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 अगस्त तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में मध्यम दर्जे की बारिश, गरज और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। राज्य में अब तक सामान्य से 46% अधिक बारिश हो चुकी है। रांची में एक जून से 3 अगस्त तक 992mm बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 78% अधिक है। पूरी खबर पढ़ें...

बिहार में सोमवार को सीवान समेत 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। पटना समेत 32 जिलों में बूंदाबांदी की संभावना है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। ज्यादातर जिलों में बिजली गिरने का भी अलर्ट है। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान, बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। पूर्णिया में बारिश ने पिछले 5 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पूरी खबर पढ़ें...

राजस्थान में मौसम विभाग ने सोमवार को 5 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के बाकी हिस्से में मौसम ड्राय रहने या बूंदाबांदी होने का अनुमान है। झालावाड़ में बारिश के चलते स्कूलों की छुट्टियां 6 अगस्त तक बढ़ा दी गई हैं। रविवार को भरतपुर, अलवर, करौली के कई इलाकों में बारिश हुई। बनास नदी में डूब रहे दो बच्चों को एक बुजुर्ग ने बचा लिया, लेकिन खुद डूब गया। पूरी खबर पढ़ें...

मध्य प्रदेश के ग्वालियर, छतरपुर समेत 8 जिलों में सोमवार को भारी बारिश का अलर्ट है। इन जिलों में रविवार को भी बारिश हुई थी। उधर, उत्तर प्रदेश की यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से एमपी के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर है। इस कारण 100 से ज्यादा दुकानों में पानी भर गया। पूरी खबर पढ़ें...



0 comments