आयुष मंत्री ने के.यू.चि.अ.प. का दौरा किया और शोध कार्यों की सराहना की

नई दिल्ली, 20 सितंबर, 2021: माननीय केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, आयुष मंत्रालय और पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय श्री सर्बानंद सोनोवाल ने 18 सितंबर, 2021 को नई दिल्ली के जनकपुरी स्थित सेंट्रल काउंसिल्स कंबाइंड बिल्डिंग कॉम्प्लेक्स (सीसीसीबीसी) में केंद्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान परिषद (के.यू.चि.अ.प.) और अन्य चार अनुसंधान परिषदों और दो राष्ट्रीय आयोगों का दौरा किया।


इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री सोनोवाल जी ने कहा कि आयुष आहार को पूरे देश में बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इससे युवाओं को जंक फूड की बीमारियों से बचाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने जमीनी स्तर तक लोगों की भागीदारी पर ज़ोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावी बदलाव लाने के लिए सहयोग भावना और अनथक परिश्रम की आवश्यकता है।


बातचीत के दौरान आयुष मंत्रालय के सचिव, वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा कि योग्यता निर्माण सभी परिषदों की प्राथमिकता होनी चाहिए और हमारी अनुसंधान परिषदों को ऐसे तौर-तरीके विकसित करने चाहिए कि इन परिषदों से जुड़ी विभिन्न इकाइयों को नवाचार करने की अधिक स्वतंत्रता मिले।


माननीय मंत्री ने अनुसंधान गतिविधियों के बारे में के.यू.चि.अ.प. के महानिदेशक प्रो. आसिम अली ख़ान और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत की और इसके कामकाज और अनुसंधान प्रयासों की सराहना की। उन्होंने श्रीनगर में के.यू.चि.अ.प. के संस्थान के बुनियादी ढांचे की भी सराहना की जिसका उन्होंने पिछले सप्ताह दौरा किया था। इसके अलावा, उन्होंने के.यू.चि.अ.प. पुस्तकालय का दौरा किया और उन्हें लगभग 200 पांडुलिपियों और 17000 वैज्ञानिक दस्तावेजों के बड़े संग्रह के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें के.यू.चि.अ.प. की वैज्ञानिक गतिविधियों और प्रकाशनों के बारे में भी बताया गया। मंत्री ने परिषद के शोध प्रकाशनों में भी गहरी रुचि दिखाई। माननीय मंत्री जी ने सीसीसीबीसी के परिसर में सभी कार्यालयों के अधिकारियों और वैज्ञानिकों से भी बातचीत की।


श्री प्रमोद कुमार पाठक, विशेष सचिव, आयुष मंत्रालय, सुश्री कविता गर्ग, संयुक्त सचिव, आयुष मंत्रालय, श्री डी. सेंथिल पांडियन, संयुक्त सचिव, आयुष मंत्रालय, प्रो. असीम अली खान, महानिदेशक, के.यू.चि.अ.प और सलाहकार ( यूनानी), आयुष मंत्रालय, डॉ. एन. श्रीकांत, महानिदेशक, केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद, डॉ. अनिल खुराना, महानिदेशक, केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद और अध्यक्ष, राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग,  वैद्य जयंत यशवंत देवपुजारी, अध्यक्ष, भारतीय चिकित्सा प्रणाली के राष्ट्रीय आयोग, डॉ. राघवेंद्र राव, निदेशक, केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद और डॉ. मनोज नेसारी, सलाहकार (आय.), आयुष मंत्रालय व अन्य उपस्थित थे।

0 comments

Leave a Reply