रूस के कामचटका में 7.8 तीव्रता का भूकंप:सुनामी का अलर्ट जारी; बीते 3 महीनों में 7 तीव्रता से ज्यादा के 4 भूकंप आए

रूस के कामचटका के पूर्वी तट पर शुक्रवार सुबह 7.8 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया। इसके बाद 5 आफ्टरशॉक महसूस किए गए, जिनकी तीव्रता 5.8 मापी गई। इसके बाद सुनानी की चेतावनी जारी की गई। तट पर 30 से 62 सेंटीमीटर ऊंची लहरें देखी गईं।

 

कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने बताया कि सभी आपातकालीन सेवाएं हाई अलर्ट पर हैं, लेकिन अभी तक किसी नुकसान की खबर नहीं है। इस क्षेत्र में आज आए भूकंप समेत 4 बड़े भूकंप 7.0 या उससे अधिक तीव्रता के दर्ज किए गए हैं।

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए भूकंप के वीडियो में घरों में फर्नीचर और लाइटें हिलती हुई दिखाई दीं। झटके इतने तेज थे कि सड़कों पर खड़ी गाड़ियां भी हिलती नजर आईं।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप रूसी शहर पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से​​ 128 किलोमीटर दूर, जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। रूस की स्टेट जियोफिजिकल सर्विस ने बताया कि बाद में तीव्रता घटकर 7.4 हो गई।

भूकंप की 4 तस्वीरें...

रूस के कामचटका में शुक्रवार सुबह भूकंप के तेज झटके आए, जिससे सड़क पर खड़ी गाड़ियां हिलने लगीं।
रूस के कामचटका में शुक्रवार सुबह भूकंप के तेज झटके आए, जिससे सड़क पर खड़ी गाड़ियां हिलने लगीं।
एयरपोर्ट पर चेक-इन काउंटर हिलता हुआ। यहां अलर्ट जारी किया गया है।
एयरपोर्ट पर चेक-इन काउंटर हिलता हुआ। यहां अलर्ट जारी किया गया है।
भूकंप के झटको से घरों में फर्नीचर और लाइटें हिलती हुई दिखाई दीं।
भूकंप के झटको से घरों में फर्नीचर और लाइटें हिलती हुई दिखाई दीं।
भूकंप के चलते घरों में रखा सामान हिलता दिखा। इमारतों में नुकसान की जांच की जा रही है।
भूकंप के चलते घरों में रखा सामान हिलता दिखा। इमारतों में नुकसान की जांच की जा रही है।

कुरिल द्वीप में भी सुनामी की चेतावनी जारी

गवर्नर ने टेलीग्राम पर कहा- आज (19 सितंबर) की सुबह एक बार फिर कामचटका के लोगों के धैर्य की परीक्षा ले रही है। फिलहाल किसी नुकसान की कोई खबर नहीं है। मैं सभी से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। कामचटका के पूर्वी तट के लिए सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। जनता को सतर्क किया जा रहा है।

भूकंप के बाद सामाजिक संस्थानों और रिहायशी इमारतों में नुकसान की जांच शुरू कर दी गई है। कुरिल द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भी सुनामी की चेतावनी जारी की गई।

अमेरिका की नेशनल वेदर सर्विस और पैसिफिक सुनामी चेतावनी केंद्र ने अलास्का के कुछ हिस्सों के लिए सुनामी की सलाह जारी की थी, जिसे बाद में हटा लिया गया। कामचटका एक अत्यधिक भूकंपीय क्षेत्र है। पिछले एक हफ्ते में यहां 7 से अधिक तीव्रता के कम से कम दो भूकंप आ चुके हैं।

इस साल 1200 से ज्यादा भूकंप दर्ज हुए

रूस का कामचटका इलाका, जो प्रशांत महासागर में 'रिंग ऑफ फायर' का हिस्सा है, इस साल भूकंपीय गतिविधियों का केंद्र रहा। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के आंकड़ों के अनुसार, इस साल यहां कुल 1,200 से अधिक भूकंप दर्ज किए गए हैं।

इनमें से अधिकांश छोटे (मैग्नीट्यूड 2.0 से 4.0 के बीच) थे, लेकिन 4.0 या इससे ऊपर के 150 से ज्यादा भूकंप आए। इस क्षेत्र में 4 बड़े भूकंप 7.0 या उससे ज्यादा तीव्रता के दर्ज किए गए हैं।

साल 2025 का सबसे विनाशकारी भूकंप 30 जुलाई को रूस के कामचटका में आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 8.8 मापी गई। यह पिछले 10 वर्षों का सबसे बड़ा झटका था। इसने कई देशों को प्रभावित किया।

यह भूकंप समुद्री क्षेत्र में आए, जिसके कारण ज्यादा तबाही नहीं हुई। 3 अगस्त को 7 तीव्रता का भूकंप कामचटका के कुरिल द्वीप के पास आया था।

वहीं, 13 सितंबर को कामचटका में 7.4 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप के बाद यहां सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी।

भूकंप से कामचटका के उत्तरी कुरीलों में एक घर की छत का हिस्सा गिरता नजर आया था।
भूकंप से कामचटका के उत्तरी कुरीलों में एक घर की छत का हिस्सा गिरता नजर आया था।
courtesy:www.bhaskar.com

 

0 comments

Leave a Reply