उत्तर प्रदेश में इंसानियत हुई शर्मसार, महोबा में 80 साल की बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म

उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराधिक घटनाएं कम होने का नाम ही नहीं ले रहीं है, राज्य से एक बार फिर से मानवता को शर्मसार कर देने और दिल को दहलाने वाली घटना सामने आई है। महोबा जिले के खरेला थाना क्षेत्र के एक गांव में 80 साल की बुजुर्ग महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार का मामला सामने आया है। यह घटना 2 फरवरी को हुई थी जब महिला घर में अकेली थी। उस समय उनके परिवार के सदस्य एक धार्मिक समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गए थे।

समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, खरेला के एसएचओ अनिल कुमार ने बताया कि पीड़िता के पोते ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 लोग छत के रास्ते उनके घर में घुसे थे। इनमें से एक व्यक्ति की पहचान फूल चंद्र उर्फ फुल्लू के रूप में हुई है। हमीरपुर जिले के निवासी फूल चंद्र और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गुरुवार को एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

महोबा के एएसपी आरके गौतम का कहना है कि पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है। दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी के लिये पुलिस द्वारा दबिश दी जा रही है। गांव के दो दरिंदो ने बुजुर्ग महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसकर कथित रूप से उसके साथ बलात्कार किया। इस मामले के सामने आने के बाद हर कोई हैरान है।

 

0 comments

Leave a Reply