14 जून की देश दुनिया की अहम ख़बरें
कन्नूर के ज़िला सचिव एम जयराजन ने माइनॉरिटी स्कॉलर्शिप पर हाई कोर्ट के फ़ैसले का कड़ा विरोध किया है।
आगरा पुलिस ने अनुज नाम के शख़्स को गिरफ़्तार किया है। अनुज पर आरोप है कि उसने एक मुस्लिम महिला का धर्म परिवर्तन कर उससे शादी की। उस महिला का दो बार ज़बरदस्ती गर्भपात करवाया और उसे छोड़ दिया। पुलिस ने 31 वर्षीय अनुज समेत 8 लोगों को गिरफ़्तार किया है। इसमें ग़ैर-क़ानूनी गर्भपात करने वाला डॉक्टर भी शामिल है। अनुज पर धोखे से शादी करने का मुक़दमा दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट्स सामने आई हैं कि दिल्ली के यमुना विहार मुस्लिम परिवार को उनके घर में घुसकर पीटा गया है। क्लैरियॉन इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार जिस व्यक्ति के परिवार पर हमला किया गया उसका नाम यामीन ख़ान है। इस हमले में बच्चों व औरतों समेत 11 लोग घायल हुए हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि हमला करने वाली भीड़ की अगुवाई विपिन नाम का शख़्स कर रहा था। पुलिस का कहना इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और विपिन को गिरफ़्तार कर लिया गया है।
कन्नूर के ज़िला सचिव एम जयराजन ने माइनॉरिटी स्कॉलर्शिप पर हाई कोर्ट के फ़ैसले का कड़ा विरोध किया है। उनका कहना है कि कोर्ट ने ज़मीनी हक़ीक़त को नज़रअंदाज़ करते हुए यह फ़ैसला सुनाया है। जयराजन ने कहा कि बदक़िस्मती से राज्य के सभी पिछड़े हुए लोग अदालत के इस फ़ैसले का फ़ायदा नहीं उठा पाएंगे। पिछले महीने केरल हाई कोर्ट ने मुस्लिमों को मिलने वाला स्कॉलर्शिप कोटा 80 प्रतिशत से घटाकर 58.6 प्रतिशत कर दिया था। साथ ही इसाई समुदाय को मिलने वाला कोटा 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया गया था।
भारतीय मुसलमान लगातार दूसरी बार हज पर नहीं जा पाएंगे। इसकी वजह यह है कि सऊदी अरब ने इस साल यातायात पर पाबंदी लगा दी है। इस साल सिर्फ़ 60 हज़ार लोग हज करेंगे और वे सभी लोग सऊदी अरब के ही होंगे। सऊदी अरब के हज व उमरा मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए कहा है कि सभी तीर्थ यात्रियों के स्वास्थ्य व सुरक्षा और उनके देशों की सुरक्षा को ध्यान में रख कर यह फ़ैसला किया गया है।
एमआईएम के दिल्ली अध्यक्ष कलीमुल हफ़ीज़ ने आज के प्रेस कॉंफ्रेंस कर दिल्ली सरकार पर उर्दू के साथ भेदभाव का इल्ज़ाम लगाया है। कलीमुल हफ़ीज़ ने ज़ूम पर आयोजित प्रेस कॉंफ्रेंस में कहा कि दिल्ली सरकार एक ग़ैर उर्दू आदमी को उर्दू अकादमी का वाइस चेयरमैन बनाकर उर्दू के साथ एक भद्दा मज़ाक कर रही है। हफ़ीज़ ने दिल्ली सरकार पर परमनैंट स्टाफ़ भर्ती न करने का इलज़ाम भी लगाया।
..................
इजराइल में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले बेंजामिन नेतन्याहू का शासन खत्म हो गया है और नफताली बेनेट ने इजरायल के नए प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली है. बता दें कि नेतन्याहू 12 साल से इस पद पर काबिज थे. संसद में बहुमत हासिल करने के बाद दक्षिणपंथी यामिना पार्टी के 49 वर्षीय नेता बेनेट ने रविवार को शपथ ली। इस पूरे मामले पर एक स्थानीय पोर्टल पल-पल न्यूज़ से बात करते हुए जाने माने विद्वान डॉक्टर ज़फ़रुल इस्लाम ने कहा, जिस तरह हमारे यहां हिन्दुत्व का मामला है वैसे ही इज़राईल में Zionism का मामला है। उम्मीद है कि इस सरकार से उसमें कमी आएगी।
ईराक़ी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार क़ासिम आराजी ने बताया है कि इराक़ की राजधानी बग़दाद में इमाम अबू हनीफ़ा के मकबरे को ध्वस्त करने की अपील खारिज कर दी गई है। आराजी ने इमाम ए आज़म कुल्लिया में मकबरे को गिराने की अपील पर बगदाद में राष्ट्रीय खूफिया परिषद के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि हम सामाजिक शांति के उद्देश्य से इस अपील को ख़ारिज करते हैं। मक़बरे के आसपास सुरक्षा घेरा सख़्त कर दिया गया है। कुछ चरमपंथियों ने सोशल मीडिया पर चौथे ईमाम के मक़बरे को ध्वस्त करने का आह्वान किया था।

0 comments