भाजपा ने मुस्लिम फल विक्रेताओं के boycott की मांग की

द वायर में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार यह सब 18 जून को शुरू हुआ जब उत्तम नगर में हिन्दुत्ववादी भीड़ ने रिज़वान नामक फल वाले की बेरहमी से पिटाई की

नई दिल्ली : दिल्ली के उत्तम नगर में मुसलमानों के आर्थिक बहिष्कार का अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा नेताओं की निगरानी में चलाए जा रहे इस अभियान में स्थानीय फेरीवालों की समस्याओं का इस्तेमाल कर मुसलमानों को निशाना बनाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत उत्तम नगर में एक पोस्टर लगाया गया है जिसपर लिखा है-

“सभी हिन्दुओं से निवेदन है कि उत्तम नगर क्षेत्र के किसी भी असामाजिक फ़्रूट रेहड़ी वाले से किसी भी तरह की ख़रीदारी न करें”

द वायर में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार यह सब 18 जून को शुरू हुआ जब उत्तम नगर में हिन्दुत्ववादी भीड़ ने रिज़वान नामक फल वाले की बेरहमी से पिटाई की।

पश्चिमी दिल्ली फल विक्रेता संघ के लीडर अजय सिंह ने द वायर से बात करते हुए बताया, “यह सब एक फल विक्रेता और दुकानदार के बीच एक छोटी सी लड़ाई के कारण शुरू हुआ। बाद में कई असामाजिक तत्व इसमें शामिल हो गए और इस मामले को सांप्रदायिक बना दिया। रिज़वान नाम के हमारे एक विक्रेता को लाठी-डंडों से लैस भीड़ ने निशाना बनाया।”

पुलिस की लापरवाही पर बात करते हुए अजय ने कहा, “छुपे हुए उद्देश्यों के कारण लंबे समय से यहां सांप्रदायिक माहौल बनाया जा रहा है। मैंने पुलिस से शिकायत की थी कि इससे शांति भंग हो सकती है और इलाके में दंगे भी हो सकते हैं। पुलिस अब अपराधियों को पकड़ने के बजाय रेहड़ी-पटरी वालों को परेशान कर रही है”।

रिजवान को गंभीर चोटें आईं हैं। एफ़आईआर में मौजूद वर्णन से स्पष्ट होता है कि रिज़वान पर सांप्रदायिक हमला हुआ था। फिर भी दिल्ली पुलिस ने प्रासंगिक आईपीसी धाराओं (यानी 153, 295 या 505) को लागू नहीं किया। इसके बजाय मामले को सामान्य हमले की तरह दर्ज किया गया।

दो दिन बाद, कुछ हिंदुत्व चरमपंथियों ने सड़क जाम करते हुए दावा किया कि “जिहादी फल विक्रेताओं” ने यहां क़ब्ज़ा कर लिया है। इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारी लाठियों के साथ इकट्ठा होकर हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे व मुस्लिम विरोधी नारे लगाने लगे। उन्होंने लोगों से अपने क्षेत्र में मुस्लिम विक्रेताओं को प्रवेश करने की अनुमति नहीं देने का आग्रह भी किया। रिपोर्ट के अनुसार, एक हिंदुत्व चरमपंथी ने लाइव वीडियो पर दावा किया कि उसने सभी मुस्लिम विक्रेताओं को इलाके से बाहर निकाल दिया था।

मामले को भड़काते हुए भाजपा के नजफ़गढ़ उपाध्यक्ष पुलकित शर्मा ने इस प्रदर्शन में भड़काऊ भाषण भी दिया। पुलकित ने कहा, “जो ग्राहक अपनी धोखाधड़ी की आदत के बारे में शिकायत करते हैं, उन्हें चाकुओं से धमकाया जाता है। हम कुछ समय इंतजार करेंगे लेकिन अगर हमें कोई समाधान नहीं मिला तो हम यहां चक्का जाम शुरू करेंगे।”

 

0 comments

Leave a Reply