'हर मस्जिद में शिवलिंग क्यों तलाशें?' : RSS प्रमुख मोहन भागवत

भागवत ने इस पूरे मामले को आपसी समझौते के माध्यम से हल निकालने का आह्वान किया है.

नई दिल्ली: 

हिंदू पक्षकारों की ओर से वाराणसी के ज्ञानवापी मस्जिद में शिवलिंग मिलने के दावे के बाद से सियासत गरमाई हुई है. मस्जिद के वीडियोग्राफी को लेकर जारी विवाद के बीच अब इस पूरे मसले पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की टिप्पणी आई है. भागवत ने इस पूरे मामले को आपसी समझौते के माध्यम से हल निकालने का आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि कुछ जगहों के प्रति हमारी विशेष श्रद्धा थी और हमने उनके बारे में बात की, लेकिन हमें रोजाना एक नया मामला नहीं लाना चाहिए. हमें विवाद को क्यों बढ़ाना चाहिए? ज्ञानवापी के प्रति हमारी श्रद्धा है और उसके अनुसार कुछ कर रहे हैं. लेकिन हर मस्जिद में शिवलिंग की तलाश क्यों करें. 

बता दें कि हिंदू और मुस्लिम याचिकाकर्ता अदालत द्वारा आदेशित मस्जिद परिसर के वीडियोग्राफी को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं, ताकि यह जांचा जा सके कि क्या हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियां हैं. वहीं हिंदू याचिकाकर्ताओं ने मस्जिद में शिवलिंग होने का दावा किया है. 

समाचार एजेंसी एएनआई को मोहन भागवत ने बताया कि अभी ज्ञानवापी मुद्दा है. हम इतिहास नहीं बदल सकते. इसे न तो आज के हिंदुओं ने बनाया और न ही आज के मुसलमानों ने. यह उस समय हुआ था.  इस्लाम बाहर से आया, आक्रामकों के जरिए आया. उस समय जो भारत की स्वतंत्रता चाहते थे, उनका मनोबल गिराने के लिए देवस्थानों को तोड़ा गया. 

भागवत ने कहा कि हिंदू मुसलमानों के खिलाफ नहीं सोचते. आज के मुसलमानों के पूर्वज भी हिंदू थे. अगर मन में मुद्दे हैं, तो यह उठेगा. यह किसी के खिलाफ नहीं है. आपसी सहमति से एक रास्ता खोजें. अगर कोई रास्ता नहीं निकलता है, तो लोग अदालत का दरवाजा खटखटाते हैं. जो भी हो अदालत के फैसले को स्वीकार किया जाना चाहिए. हमें अपनी न्यायिक प्रणाली को पवित्र और सर्वोच्च मानते हुए निर्णयों का पालन करना चाहिए. हमें इसके फैसलों पर सवाल नहीं उठाना चाहिए. 

 

0 comments

Leave a Reply