डिंडीगुल (तमिलनाडु): आठ नवंबर (भाषा) जिले के नाथम के पास मूंगिलपट्टी निवासी 31 वर्षीय वीरमणि का पार्थिव शरीर स्वदेश लाए जाने के बाद रविवार को उनके पैतृक गांव में दफना दिया गया। वीरमणि की इजराइल में एक निर्माण स्थल पर हादसे में मौत हो गई थी। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सुब्बैया के बेटे वीरमणि दो साल पहले निर्माण क्षेत्र में काम करने के लिए इजराइल गए थे। छह महीने पहले छुट्टी पर गांव आने के बाद वह दोबारा काम पर लौट गए थे।
सूत्रों के अनुसार, 28 अक्टूबर को वह एक लिफ्ट को रोकने के बाद निर्माण स्थल पर मरम्मत का काम कर रहे थे, तभी लिफ्ट अचानक नीचे आ गई। इस हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इसके बाद उनकी पत्नी और गांव के लोगों ने सरकार से उनका पार्थिव शरीर वापस लाने की अपील की थी। पार्थिव शरीर शनिवार सुबह विमान से चेन्नई हवाई अड्डे लाया गया और शाम तक सरकारी वाहन से मूंगिलपट्टी ले जाया गया।
वीरमणि के परिवार में उनकी 24 वर्षीय पत्नी भुवनेश्वरी और चार साल की बेटी तेजश्री हैं। युवक की मौत से मूंगिलपट्टी गांव में शोक की लहर है। उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए।
