30 नवंबर 2026 तक कर सकते हैं आवेदन, कक्षा 11वीं से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक की छात्राओं को मिलेगा लाभ
नई दिल्ली : एशिया टाइम्स l कमर्शियल वाहन चालकों की बेटियों की उच्च शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के कमर्शियल व्हीकल्स डिवीजन ने महिंद्रा सारथी अभियान छात्रवृत्ति योजना 2026-27 शुरू की है। इस योजना के तहत पात्र छात्राओं को शिक्षा के लिए 10,000 रुपये की एकमुश्त छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
इस छात्रवृत्ति का उद्देश्य ट्रक ड्राइवरों और कमर्शियल वाहन चालकों के परिवारों की बेटियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो और वे अपनी शिक्षा जारी रख सकें।
कौन उठा सकता है योजना का लाभ?
महिंद्रा सारथी अभियान 2026-27 के तहत देशभर की ऐसी छात्राएं आवेदन कर सकती हैं, जिनके पिता या अभिभावक कमर्शियल वाहन चालक हैं। योजना के लिए निम्नलिखित शैक्षणिक स्तर पर पढ़ाई कर रही छात्राएं पात्र हैं:
- कक्षा 11वीं में पढ़ने वाली छात्राएं।
- कक्षा 12वीं में पढ़ने वाली छात्राएं।
- 10वीं के बाद डिप्लोमा कोर्स करने वाली छात्राएं।
- स्नातक (Graduation) की पढ़ाई कर रही छात्राएं।
- स्नातकोत्तर (Post-Graduation) की पढ़ाई कर रही छात्राएं।
आवेदिका का ट्रक ड्राइवर की बेटी या आश्रित होना अनिवार्य है। यह योजना पूरे भारत की पात्र छात्राओं के लिए उपलब्ध है।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
योजना का लाभ उठाने के लिए छात्राओं को आवेदन के दौरान कुछ आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इनमें हाल ही में खिंचवाई गई पासपोर्ट साइज फोटो, वर्तमान शैक्षणिक सत्र में प्रवेश का प्रमाण (एडमिशन लेटर या संस्थान का आईडी कार्ड), पिछले वर्ष की अंकतालिका और कक्षा 10वीं की मार्कशीट शामिल हैं।
इसके अलावा ट्यूशन फीस, हॉस्टल और किताबों आदि से संबंधित शैक्षणिक खर्चों की रसीदें, पहचान पत्र (मास्क्ड आधार कार्ड, राशन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस), बैंक पासबुक तथा माता-पिता या अभिभावक के कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस की कॉपी भी आवश्यक होगी।
अभिभावक का ड्राइविंग लाइसेंस LCV, ICV या HCV श्रेणी का होना चाहिए। किसी विशेष संकट या प्रतिकूल परिस्थिति से संबंधित दस्तावेज, यदि लागू हों, तो उन्हें भी आवेदन के साथ संलग्न किया जा सकता है।
आवेदन की अंतिम तारीख 30 नवंबर
महिंद्रा सारथी अभियान 2026-27 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। पात्र छात्राएं निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
ऑनलाइन आवेदन और विस्तृत जानकारी के लिए लिंक:
ट्रक ड्राइवरों और कमर्शियल वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे इस छात्रवृत्ति योजना की जानकारी अपने परिवारों, विशेषकर बेटियों तक जरूर पहुंचाएं। साथ ही ड्राइवर समुदाय के अन्य परिवारों को भी इसके बारे में बताएं, ताकि अधिक से अधिक पात्र छात्राएं इस आर्थिक सहायता का लाभ उठा सकें और उनकी शिक्षा का सफर बिना किसी रुकावट के जारी रह सके।
