वाशिंगटन, । अमेरिकी जनगणना ब्यूरो द्वारा जारी ‘अमेरिकन कम्युनिटी सर्वे’ (एसीएस) के नए 1-वर्षीय अनुमानों के अनुसार, 2025 में संयुक्त राज्य अमेरिका में खुद को केवल भारतीय अमेरिकी मानने वाले लोगों की संख्या बढ़कर लगभग 54.1 लाख (5.41 मिलियन) हो गई है।
ब्यूरो की एशियाई समूहों से जुड़ी विस्तृत तालिका के अनुसार, यह आंकड़ा 2024 के लगभग 50.9 लाख (5.09 मिलियन) से बढ़कर 2025 में 54.1 लाख (5.41 मिलियन) हो गया है, जो एक साल में 3,15,000 से अधिक की वृद्धि को दर्शाता है। 2025 के इस अनुमान में लगभग 77,000 का मार्जिन ऑफ एरर (त्रुटि की गुंजाइश) भी शामिल है।
यदि उन लोगों को भी शामिल किया जाए जिन्होंने खुद को एशियाई भारतीय बताया है- चाहे वे केवल भारतीय हों या किसी अन्य समूह या नस्ल से जुड़े हों, तो यह कुल संख्या बढ़कर लगभग 59.1 लाख (5.91 मिलियन) हो जाती है, जो एक साल पहले लगभग 55.6 लाख (5.56 मिलियन) थी।
इस तरह, एशियाई भारतीय सबसे बड़ा एकल एशियाई समूह बन गए हैं। इस मामले में वे चीनी (ताइवानी को छोड़कर) लोगों से आगे हैं, जिनकी संख्या लगभग 46.5 लाख (4.65 मिलियन) है। यदि अन्य समूहों के साथ उनके जुड़ाव को भी शामिल कर लिया जाए, तो चीनी (ताइवानी को छोड़कर) लोगों की संख्या लगभग 59.7 लाख (5.97 मिलियन) हो जाती है, जो एशियाई भारतीयों की कुल संख्या के लगभग बराबर है। सर्वे के अनुसार, 2025 में अमेरिका की कुल जनसंख्या लगभग 34.18 करोड़ (341.8 मिलियन) थी।
सर्वे से यह भी पता चला है कि अमेरिका में रहने वाले प्रवासियों के जन्मस्थान के मामले में, मेक्सिको के बाद भारत दूसरे स्थान पर है। 2025 में अमेरिका में रहने वाले लगभग 34 लाख (3.40 मिलियन) लोग भारत में जन्मे थे, जबकि 2024 में यह संख्या लगभग 31.6 लाख (3.16 मिलियन) थी।
मेक्सिको में जन्मे लोगों की संख्या लगभग 1.06 करोड़ (10.61 मिलियन) थी। भारत के बाद चीन (हांगकांग और ताइवान को छोड़कर) का स्थान है, जहां से लगभग 24 लाख (2.40 मिलियन) लोग आए हैं और फिर फिलीपींस का नंबर आता है, जहां से लगभग 22.4 लाख (2.24 मिलियन) लोग आए हैं। अमेरिका में रहने वाली कुल विदेशी मूल की आबादी लगभग 5.04 करोड़ (50.41 मिलियन) थी। कैलिफोर्निया में भारतीय मूल के लोगों की आबादी सबसे ज्यादा (लगभग 10.2 लाख) थी। इसके बाद टेक्सास (लगभग 7.08 लाख), न्यू जर्सी (लगभग 4.71 लाख), न्यूयॉर्क (लगभग 4.2 लाख) और इलिनोइस (लगभग 2.88 लाख) का नंबर आता है। फ्लोरिडा लगभग 2.39 लाख की आबादी के साथ छठे स्थान पर रहा।
