नई दिल्ली, । दिल्ली पुलिस ने हिमांशु भाऊ-काला असौदिया गिरोह के एक कथित सदस्य को गिरफ्तार किया है, जो हत्या और डकैती के दो मामलों में भगोड़ा घोषित था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने बताया कि आरोपी की पहचान हरियाणा के झज्जर निवासी मनीष उर्फ अजय उर्फ भोला (30) के रूप में हुई है और उसके पास से एक पिस्तौल एवं पांच कारतूस बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि वह बाहरी दिल्ली के मुंडका थाने में 2025 में दर्ज हत्या के एक मामले और 2019 में दर्ज डकैती के एक मामले में वांछित था तथा दोनों मामलों में उसे भगोड़ा घोषित किया गया था।
पुलिस ने बताया कि 27 अक्टूबर की रात गुप्त सूचना के आधार पर दक्षिण दिल्ली में जौनापुर के मंडी रोड पर जाल बिछाकर भोला को पकड़ा गया तथा तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्तौल और पांच कारतूस मिले।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इस संबंध में फतेहपुर बेरी थाने में 27 अक्टूबर को शस्त्र अधिनियम के तहत अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हरि नगर थाने में 2021 में मारपीट और बल्लभगढ़ सदर थाने में 2018 में शस्त्र अधिनियम के तहत भी मामले दर्ज हैं।
