नई दिल्ली, । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान लगातार उतार-चढ़ाव होता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की मिली-जुली शुरुआत हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद मंदड़ियों ने बिकवाली का दबाव बना दिया, जिसके कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक नीचे फिसल गए। थोड़ी देर बाद निचले स्तर से शुरू हुई खरीदारी के कारण बाजार ने शानदार वापसी की और दोनों सूचकांकों की स्थिति सुधरती हुई नजर आने लगी।
हालांकि कुछ देर बाद ही दोबारा बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे इन दोनों सूचकांकों की चाल भी कमजोर पड़ने लगी। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.04 प्रतिशत की मामूली मजबूती के साथ कारोबार कर रहा था। इसके विपरीत, निफ्टी 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।
बीएसई का सेंसेक्स आज 48.65 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 74,199.69 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया। खासकर, एसबीआई और रिलायंस जैसे बड़े शेयरों में आई गिरावट से बाजार पर शुरुआती दबाव बना। इस दबाव के कारण यह सूचकांक गिरकर लाल निशान में 74,099.33 अंक के निचले स्तर तक चला गया। हालांकि, थोड़ी ही देर बाद निचले स्तर पर लिवालों ने मोर्चा संभाल लिया, जिससे बाजार को सहारा मिला और सेंसेक्स अपनी कमजोरी से पूरी तरह उबर कर हरे निशान में पहुंच गया।
बाजार में शुरू हुई खरीदारी के इस सपोर्ट से सेंसेक्स निचले स्तर से बड़ी छलांग लगाते हुए 74,422.42 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल मे दोबारा कमजोरी आने लगी। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 29.44 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की मामूली मजबूती के साथ 74,180.48 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।
सेंसेक्स की ही तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 27.75 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 22,964.50 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक फिसल कर 22,919.85 अंक के स्तर तक गिर गया। हालांकि, शुरुआती झटके के बाद निचले स्तर पर शुरू हुई लिवाली के चलते इस सूचकांक की स्थिति में भी तेजी से सुधार होने लगा।
लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी शुरुआती कारोबार में ही 23,019.25 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। हालांकि ये तेजी भी टिकाऊ साबित नहीं हो सकी। थोड़ी देर बाद एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिससे ये सूचकांक फिसल कर दोबारा लाल निशान में पहुंच गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 13.95 अंक यानी 0.06 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,922.80 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
